शारदा नदी में डूबे दो युवक, SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत जिले के पूर्णागिरि क्षेत्र अंतर्गत बूम रेंज में शारदा नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और दोनों युवकों की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चम्पावत से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर लगभग 2:45 बजे सूचना मिली कि बूम रेंज क्षेत्र में शारदा नदी में दो युवक डूब गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को तत्काल अलर्ट किया गया। डूबे हुए युवकों की पहचान नैतिक सक्सेना (18 वर्ष) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-3, निकट इंग्लिश वॉइनशॉप, टनकपुर तथा तरुण सक्सेना (20 वर्ष) पुत्र बाबूराम सक्सेना निवासी वार्ड नंबर-3, वर्मा लाइन, टनकपुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर पुलिस विभाग, फायर सर्विस तथा SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था और राहत एवं बचाव कार्य जारी था। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि मामले की लगातार निगरानी की जा रही है तथा जैसे-जैसे नई जानकारी प्राप्त होगी, उसे साझा किया जाएगा।

