बनबसा में अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचला, मौत; चालक फरार
एआरके होटल के सामने देर रात हुआ हादसा, पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की
बनबसा/चम्पावत। बनबसा में रविवार देर रात एआरके होटल के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क किनारे पैदल टहल रहे 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बनबसा निवासी मनोज कालाकोटी ने थानाध्यक्ष के सीयूजी नंबर पर सूचना दी कि एआरके होटल के सामने एक व्यक्ति सड़क हादसे में घायल पड़ा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में घायल की पहचान पचपकरिया निवासी दान सिंह भंडारी (53) पुत्र स्व. त्रिलोक सिंह भंडारी के रूप में हुई। बताया गया कि दान सिंह सड़क किनारे पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान टनकपुर की ओर से तेज गति से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। सोमवार सुबह पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

