उत्तराखंड में यहां युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो बच्चों की मां को भगाने का आरोप; चार हिरासत में
महिला समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मृतक के परिजनों ने साजिश के तहत हत्या किए जाने का लगाया आरोप
उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चिन्यालीसौड़ के बदाण गांव निवासी 34 वर्षीय रोशन लाल पुत्र स्व. नैननाल शनिवार शाम गांव के कुछ लोगों के साथ कुटेटी बैरियर की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल रोशन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और वीरेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अर्जुन, विकास, वीरेंद्र और केशव को हिरासत में लिया है।
मृतक चिन्यालीसौड़ में मोटर मैकेनिक की दुकान चलाता था। मृतक के भाई संजय के अनुसार रोशन अविवाहित था और बीते 29 सितंबर को गांव की एक महिला को अपने साथ ले गया था। महिला दो बच्चों की मां बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने दोनों को स्यांसू बैरियर के पास पकड़ लिया था।
संजय का आरोप है कि एक अक्टूबर को कुछ लोगों ने उसे फोन कर रोशन को कोर्ट भेजने के लिए कहा था, ताकि महिला का अपने पति से तलाक कराया जा सके। इसके बाद रोशन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम को साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।

