टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी, हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हुई
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग में एक अज्ञात वाहन से स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें खटीमा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार एनएच में न्यू कॉलोनी चंदनी के समीप स्कूटी संख्या यूके03ए/ 2747 सवार गणेश सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी बिचई को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल घटना स्थल से खटीमा के स्वास्तिक अस्पताल भेजा गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें रुद्रपुर ले जा रहे थे। जहां पहुंचने से पूर्व ही घायल गणेश सिंह में दम तोड़ दिया। परिजनों द्वारा शव को उप जिला चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। जहां डॉक्टर आफताब आलम द्वारा मृतक गणेश सिंह का पोस्टमार्टम एवं उप निरीक्षक अरविंद गुप्ता ने पंचनामे की कार्रवाई की। थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। उधर, मृतक के पुत्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पिता गणेश सिंह भारतीय सेना के हवलदार पद से सेवानिवृत्ति थे। वह अपने पीछे अपनी पत्नी चंद्रा देवी, बेटे वीरेंद्र सिंह, बेटी पूजा थापा को छोड़ गए हैं। सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल ने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की और से शोक संवेदना व्यक्त की।

