टनकपुर : गैडाखाली में फंदे से लटक कर युवक ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी!
टनकपुर/चम्पावत। निकटवर्ती ग्राम सभा गैडाखाली के टुकटुक चलाने वाले एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते आत्मघाती कदम उठा कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निकटवर्ती ग्राम सभा गैडाखाली वार्ड नंबर 3 निवासी मुकेश लाल प्रहरी पुत्र सुरेश लाल प्रहरी उम्र 40 साल घर में पूजा के दौरान अचानक गायब हो गए। परिजनों ने तलाश की तो वह घर में बने गोठ में फंदे से बेसुध अवस्था में लटके मिले। परिजन उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले गए। जहां डॉक्टर आफताब आलम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतक विगत कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। वह टुकटुक चलाते थे। वह अपने पीछे पत्नी सरस्वती देवी एवं दो पुत्री एक पुत्र को छोड़ गये हैं। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले की जांच की जा रही है।

