उत्तराखंड में विधायक पुत्र को फोन पर धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अल्मोड़ा। सल्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश जीना के पुत्र करन जीना को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर फोन कर न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उन्हें उठवा लेने और नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र स्थित सबोली गांव निवासी भाजपा विधायक महेश जीना के पुत्र करन जीना को बीती 7 जून की देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। करन जीना के अनुसार फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया तो उसे उठवा लिया जाएगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने यह भी कहा कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, इसलिए वह कहीं से भी उन्हें उठा सकता है।
बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया, हालांकि उसने स्वयं को कोटनाला क्षेत्र का निवासी बताया। करन जीना ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि पूरी बातचीत उनके मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

