टनकपुर और बनबसा में बाढ़ सुरक्षा को आर.बी.एम. भरान का कार्य प्रारंभ, संवेदनशील क्षेत्रों को मिलेगी सुरक्षा
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन को धरातल पर उतारने और जनपद को आपदा मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के अनुपालन में, आगामी मानसून और बाढ़ की संवेदनशीलता को देखते हुए टनकपुर तथा बनबसा के अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में सिंचाई विभाग द्वारा आर.बी.एम. (रिवर बेड मटेरियल) भरान का कार्य त्वरित गति से प्रारंभ कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण सुरक्षात्मक कार्य से नदी तटीय क्षेत्रों में होने वाले भू-कटाव पर प्रभावी रोक लगेगी और स्थानीय आबादी तथा कृषि भूमि को जलभराव व बाढ़ के खतरे से पूर्ण सुरक्षा मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता न किया जाए, ताकि वर्षा काल में आमजन को किसी भी प्रकार की जनधन की हानि से सुरक्षित रखा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कदम क्षेत्र के सतत विकास और आपदा प्रबंधन की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रयास साबित होगा।

