क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में टैक्सी चालक का अपमान कर वीडियो वायरल करने के मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट क्षेत्र में टैक्सी चालक के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जूते की माला पहनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के चर्चित मामले में पुलिस ने फरार चल रहे अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में नामजद सभी पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

मालूम हो कि गत 10 जून को ग्राम डुंगरा बोरा, तहसील लोहाघाट निवासी प्रेम राम पुत्र नैन राम ने लोहाघाट थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह टैक्सी चालक है। यात्रियों से टैक्सी का किराया कम लिए की बात कहते हुए कुछ लोगों ने देवराड़ी बैंड के पास उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा जूते की माला पहनाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर लोहाघाट थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी लगाई गईं। विवेचना क्षेत्राधिकारी टनकपुर के सुपुर्द की गई।

Ad Ad

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली थी। जबकि मामले का पांचवां और अंतिम आरोपी शोबन सिंह पुत्र स्वर्गीय कुंवर सिंह निवासी मजपीपल, मंडलक फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार 18 जून को आरोपी स्वयं लोहाघाट थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अब सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष कुंदन सिंह बोरा, उपनिरीक्षक सोनिका जोशी एवं उपनिरीक्षक लाल सिंह शामिल रहे।