उत्तराखण्डनवीनतम

‘अग्निपथ’ आंदोलन को लेकर उत्तराखंड पुलिस अलर्ट मोड पर, डीजीपी ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिये बैठक कर जिला प्रभारियों को दिए ये निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

देहरादून। शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने परिक्षेत्र एवं जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से ‘अग्निपथ’ योजना के विरोध में परिलक्षित प्रतिक्रियाओं के दृष्टिगत प्रदेश में शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के सम्बन्ध में एक बैठक की। डीजीपी अशोक कुमार ने समस्त जनपद प्रभारियों को अलर्ट रहने को लेकर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोचिंग सेन्टर संचालकों एवं प्रदर्शनकारी युवाओं से वार्ता करें और यह सुनिश्चित कर लें कि किसी भी स्थिति में शान्ति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रदेश में किसी भी कीमत पर माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति असंवैधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करके शान्ति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाए।
बैठक में डीजीपी ने एसएसपी व एसपी को अपने-अपने जिला मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित करते हुये सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त कराए जाने तथा समय से आवश्यक पुलिस प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाने, देश के अन्य राज्यों में होने वाली प्रतिक्रियाओं पर सतर्क दृष्टि रखते हुए राज्य में इसका प्रभाव न पड़ने देने, जनपद क्षेत्रान्तर्गत जिला मुख्यालयों, महत्वपूर्ण संस्थानों, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेल मार्ग, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थलों एवं महत्वपूर्ण स्थलों आदि पर आवश्यकतानुसार पुलिस/पीएसी बल को दंगा नियंत्रण उपकरणों, टियर गैस आदि के साथ नियुक्त किए जाने व यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराये जाने को लेकर पूर्व से एक कार्ययोजना तैयार कर लिए जाने व आवश्यकतानुसार उसका उपयोग किए जाने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि जनपद प्रभारी स्वयं भी लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुये छोटी से छोटी घटनाओं पर नियमानुसार कार्यवाही कराते हुए कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराएं। जनपद में स्थापित सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सैल, सोशल मीडिया प्रमोशन सैल एवं साईबर सैल के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों पर भी सतर्क दृष्टि रखें और तत्काल उनका खंडान कराते हुए सम्बन्धित व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा एपी अंशुमान, पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक, पी/एम सेंथिल अबुदेई कृष्ण राज एस, पुलिस उप महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था पी0 रेणुका सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad