उत्तराखण्डउधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

उत्तराखंड : साइबर ठगों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला दरोगा को लटकाया बोनट पर

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

साइबर ठगी के आरोपी को पकड़ने गई हरियाणा पुलिस पर हमला, दरोगा को बोनट पर लटकाकर चार किलोमीटर तक दौड़ाई कार

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां साइबर ठगी के एक आरोपी को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर हमला हो गया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने न केवल पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, बल्कि एक एएसआई को कार के बोनट पर लटकाकर करीब चार किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

Ad Ad

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के हांसी थाने में दर्ज साइबर ठगी के एक मामले में आरोपी भरत सिंह की तलाश की जा रही थी। इसी सिलसिले में हांसी थाना पुलिस के एएसआई प्रेम कुमार अपने दो साथियों कांस्टेबल शिवकुमार और साकेत कुमार के साथ दिनेशपुर पहुंचे थे। टीम ने स्थानीय थाने में आमद तो दर्ज कराई, लेकिन दबिश के दौरान स्थानीय पुलिस को साथ नहीं लिया।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम उदयनगर गांव स्थित आरोपी भरत सिंह के घर पहुंची और उससे पूछताछ शुरू की। जैसे ही पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने चलने को कहा, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में अन्य लोग भी मौके पर जुट गए। इसी बीच एक युवक कार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि भरत सिंह को कार में बैठाकर दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए गए। हरियाणा पुलिस ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन उससे पहले ही हालात बेकाबू हो चुके थे।

एएसआई प्रेम कुमार के अनुसार, कार चालक ने उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की। खुद को बचाने के प्रयास में वह कार के बोनट पर जा गिरे। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी। करीब चार किलोमीटर तक एएसआई बोनट से चिपके रहे। बसंतीपुर गांव के पास अचानक कट मारने से वह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर पुलिस और हरियाणा पुलिस की अन्य टीम मौके पर पहुंची। घायल एएसआई को उपचार दिया गया। शनिवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मामले में एएसआई प्रेम कुमार की तहरीर पर मुख्य आरोपी भरत सिंह, उसके परिवार के कुछ सदस्यों और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनेशपुर थाना प्रभारी रविंद्र बिष्ट ने माना कि यदि दबिश के दौरान स्थानीय पुलिस टीम साथ होती, तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। वहीं एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला गंभीर मामला है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Ad Ad