उत्तराखंड : मां के 20 लाख के जेवर चुराकर जयपुर भागा बेटा, पुलिस ने दबोचा
कोटद्वार में चोरी की वारदात का खुलासा, आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोना और 891 ग्राम चांदी बरामद
कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के कोटद्वार में मां के घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जेवरात लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पांच अक्टूबर को घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 317(2) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
जांच के दौरान मिले सुरागों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि चोरी की वारदात में महिला का बेटा ही कथित रूप से शामिल है। आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने जयपुर के झालूपुरा क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
10.50 तोला सोना और 891 ग्राम चांदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी निजी जरूरतों, खर्च करने की आदतों और शौक पूरे करने के लिए मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह आभूषण लेकर राजस्थान चला गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

