चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

नैनीताल के भुजियाघाट में कार और बुलेट की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों वाहन खाई में गिरे

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुजियाघाट के पास रविवार को कार और बुलेट की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहन गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में बुलेट सवार युवक घायल हो गया, जबकि कार चालक घटनास्थल से लापता बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, बुलेट सवार ज्योलीकोट से हल्द्वानी की ओर जा रहा था, जबकि कार हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर आ रही थी। भुजियाघाट से करीब 200 मीटर पहले दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पहले बुलेट और फिर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे।

Ad Ad

घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम और ज्योलीकोट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल बुलेट सवार को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल की पहचान हल्द्वानी के भगवानपुर मुखानी निवासी पूरन चंद्र जोशी के रूप में हुई है। उन्हें एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर कार चालक नहीं मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मामूली रूप से घायल होने के बाद मौके से चला गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। काठगोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर कार चालक नहीं मिला है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि भुजियाघाट क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। करीब दो वर्ष पहले भी इसी स्थान पर ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई थी। वहीं, नैनीताल जिले में पिछले दो दिनों के दौरान हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार युवाओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्क वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।