चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

भिंगराड़ा में ग्राम प्रधान ने खुद कराई सड़क की मरम्मत, नैनीताल बैंक रोड पर शुरू हुआ सुधारीकरण और नाली निर्माण

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद की दूरस्थ ग्राम पंचायत भिंगराड़ा का प्रमुख संपर्क मार्ग नैनीताल बैंक रोड लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात के दौरान हालात और बिगड़ रहे थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता था।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के सुधारीकरण और नाली निर्माण की मांग कई बार जिला प्रशासन के समक्ष उठाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या लंबे समय तक बनी रही। इसी बीच ग्राम पंचायत भिंगराड़ा की ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपने स्तर पर सड़क के आवश्यक सुधारीकरण और नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया है। इस पहल से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्होंने ग्राम प्रधान के प्रयास की सराहना की है।

Ad Ad

ग्रामीणों का कहना है कि नैनीताल बैंक रोड क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। समय रहते शुरू किए गए इस कार्य से बरसात में जलभराव की समस्या कम होगी, सड़क की स्थिति बेहतर होगी और आवागमन अधिक सुरक्षित बन सकेगा। ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने कहा कि जनहित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक विकास कार्यों में देरी होती है और इससे आम लोगों को असुविधा होती है, तो ग्राम पंचायत अपने उपलब्ध संसाधनों के अनुसार हरसंभव प्रयास करती रहेगी, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलती रहे।