चंपावतजनपद चम्पावतधर्मनवीनतम

चम्पावत से 45 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ धाम के लिए रवाना, दर्जा राज्य मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जनपद चम्पावत से 45 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए रविवार को रवाना हुआ। बस स्टेशन परिसर से आयोजित कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ कराया।

यात्रा के शुभारंभ के दौरान मुख्य बस स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
प्रस्थान से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Ad Ad

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने भी यात्रा को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को निकट से जानने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बोहरा, भाजपा मीडिया संयोजक राजू गड़कोटी, जिला पर्यटन अधिकारी सानू प्रकाश सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।