टनकपुर : छीनीगोठ तल्ली की भूमि समस्या के समाधान की मांग, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
टनकपुर/चम्पावत। ग्राम पंचायत छीनीगोठ तल्ली की लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार को सौंपा। ग्रामीणों ने मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के साथ ही मुख्यमंत्री से ग्राम के शिष्टमंडल को मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत छीनीगोठ का गठन हुए करीब 25 वर्ष हो चुके हैं और पिछले लगभग 22 वर्षों से ग्राम प्रधान एवं वार्ड सदस्यों के चुनाव भी होते आ रहे हैं। इसके बावजूद ग्राम की भूमि से जुड़ी समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ज्ञापन में बताया गया है कि 10 नवंबर 2008 को तत्कालीन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में छीनीगोठ, छीनीगोठ तल्ली और छीनीगोठ मल्ली से संबंधित भूमि प्रकरण को लेकर संबंधित विभागों की बैठक हुई थी। ग्राम प्रधान के अनुसार बैठक में काश्तकारों के पक्ष में निर्णय लिया गया था। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसके बाद वन विभाग की ओर से लंबे समय से चलाए जा रहे मामलों को वापस लिए जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद भूमि संबंधी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
2025 में भी कैंप कार्यालय में दी गई थी फाइल
ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर 4 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, टनकपुर में एक फाइल प्रस्तुत कर कार्रवाई करने और मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा गया था। उनका कहना है कि काफी समय बीतने के बावजूद फाइल पर कार्रवाई के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी और न ही मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय निर्धारित हुआ।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वर्षों से लंबित भूमि संबंधी प्रकरण का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। साथ ही ग्राम के शिष्टमंडल को मुलाकात का समय दिया जाए, ताकि ग्रामीण अपनी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रख सकें।
समाधान की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीण
ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर से मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी होंगे और लंबे समय से लंबित भूमि समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा, उप प्रधान सुनील नरियाल, श्याम सिंह, सुरेश चंद्र गहतोड़ी, नवीन चंद्र गहतोड़ी, शंकर जोशी, मनोज कुमार, घनश्याम पंत, कुबेर सिंह, सूरज भट्ट, देव सिंह, दलीप राम, मोहन कलौनी, उमेश चंद्र, नारायण सिंह ज्याला, संजय कलोनी, राजेंद्र सिंह और माधवानंद जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

