उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

टेंट कारोबारी की हत्या का खुलासा : प्रेम प्रसंग में रचि पति की हत्या की साजिश!, पत्नी समेत दो नाबालिग गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर। प्रेम प्रसंग के चलते टेंट कारोबारी संजीव कुमार की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने रची थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी निशा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या को अंजाम देने वाले उसके प्रेमी और उसके साथी दो किशोरों को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों की उम्र नाबालिग होने की पुष्टि शैक्षिक प्रमाण-पत्रों से हुई है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 17 अगस्त की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक कार मिली थी। कार के अंदर एक युवक का शव पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण शुरुआत में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ। हालांकि, पंचायतनामा के दौरान मृतक के गले पर संदिग्ध चोट का निशान मिला। मृतक की पहचान बाजावाला कुंडेश्वरी निवासी 24 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र स्व. सोमल सिंह के रूप में हुई।

Ad Ad

पुलिस ने चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संजीव की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पत्नी के प्रेम प्रसंग से खुली हत्या की साजिश

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निशा का उसके घर आने-जाने वाले गांधी नगर, काशीपुर निवासी एक किशोर से प्रेम प्रसंग था। यह किशोर संजीव के टेंट हाउस में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, निशा अपने पति के साथ होने वाले विवादों की जानकारी किशोर को देती थी। इसके बाद दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। किशोर ने अपने साथ काम करने वाले रामनगर निवासी साथी को भी साजिश में शामिल कर लिया। 16 अगस्त को एक किशोर का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी के बहाने दोनों किशोर संजीव को उसकी कार से रामनगर ले गए।

राजपुर रोड थारी के पास आरोपियों ने कथित तौर पर योजना के मुताबिक संजीव पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। इसके बाद दोनों आरोपी संजीव को कार में छोड़कर फरार हो गए और निशा को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सीडीआर और सीसीटीवी से सामने आया सच

पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस की मदद से दोनों किशोरों को मालवा फार्म पुलिया क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या में संजीव की पत्नी निशा की भूमिका का भी पता चला।

पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान निशा के शुरुआती बयानों का मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच से मिलान किया गया। इसमें कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने जांच का फोकस मृतक की पत्नी और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों पर केंद्रित किया। जांच आगे बढ़ने पर हत्या की साजिश में निशा की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, दोनों किशोरों के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है।