चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

नवगठित नगर पंचायत पाटी में मतदान शुरू, युवा मतदाता चाहत मौनी ने डाला पहला वोट, लोगों में भारी उत्साह

ख़बर शेयर करें -

पाटी/चम्पावत। नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2026 के तहत मंगलवार नवगठित नगर पंचायत पाटी में लोकतंत्र का महापर्व बेहद उत्साह और शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गया है। सुबह ठीक 08:00 बजे से ही सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ कर दी गई। नगर पंचायत पाटी में पहली बार हो रहे इस चुनाव को लेकर स्थानीय जनता, विशेषकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

इसी क्रम में मौनकांडा की रहने वाली युवा मतदाता चाहत मौनी ने इस ऐतिहासिक चुनाव में पहला वोट डाला। पहली बार मतदान करने के बाद चाहत के चेहरे पर लोकतंत्र के इस महापर्व का हिस्सा बनने का गौरव और अनोखा उत्साह साफ झलक रहा था। सुबह की शुरुआत से ही लोग उत्सुकता पूर्वक अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। बुजुर्गों से लेकर पहली बार वोट डाल रहे युवाओं तक, सभी में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की होड़ मची है, जिसके चलते मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया प्रशाशन द्वारा निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने अधिकार का प्रयोग कर सकें। इस ऐतिहासिक अवसर पर पहली मतदाता चाहत मौनी ने अपने संदेश में कहा कि नगर पंचायत पाटी के इस पहले चुनाव में पहला वोट डालना उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हमारा एक-एक वोट हमारे क्षेत्र के विकास और सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा, इसलिए वे सभी क्षेत्रवासियों और विशेषकर अपने युवा साथियों से अपील करती हैं कि वे भारी संख्या में घर से निकलें और शत-प्रतिशत मतदान करें। पाटी नगर पंचायत के विकास और अपनी पहली स्थानीय सरकार चुनने के लिए वोटरों का यह उत्साह साफ दर्शाता है कि लोग क्षेत्र की प्रगति के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Ad