चमोलीनवीनतम

19 वर्षीय छात्र रहस्यमय तरीके से लापता, तीन दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के चमोली जिले की उर्गम घाटी क्षेत्र के रहने वाला और गोपेश्वर में पढ़ाई कर रहा 19 वर्षीय छात्र अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। छात्र के कई दिनों से घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद आने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, जबकि पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

लापता छात्र की पहचान उर्गम घाटी के देवग्राम निवासी सचिन नेगी पुत्र रमेश नेगी के रूप में हुई है। सचिन गोपेश्वर स्थित रौली ग्वाड़ पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार 13 मई की रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच सचिन की अपने कुछ दोस्तों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और किसी से भी संपर्क नहीं हो पाया। परिवार का कहना है कि शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी कारणवश फोन बंद होगा, लेकिन जब काफी समय बीतने के बाद भी सचिन घर नहीं लौटा तो चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Ad Ad

सचिन के अचानक गायब होने से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। माता लक्ष्मी देवी और पिता रमेश नेगी बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में लगातार लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। गांव के लोग भी परिवार के साथ मिलकर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सचिन शांत स्वभाव का युवक है और पढ़ाई को लेकर गंभीर रहता था। ऐसे में उसका अचानक इस तरह लापता होना सभी को परेशान कर रहा है।

मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और युवक के संपर्कों के आधार पर जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को सचिन नेगी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या परिवार के मोबाइल नंबर पर सूचना दें, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके।
युवक के लापता होने के बाद सोशल मीडिया पर भी उसकी तस्वीर और जानकारी तेजी से साझा की जा रही है। स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी छोटी जानकारी को नजरअंदाज न करें। परिवार ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर +91 7830556041 जारी किया है। वहीं पुलिस हेल्पलाइन पर भी सूचना देने की अपील की गई है। फिलहाल पूरा परिवार बेटे की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है।

Ad Ad