चंपावतटनकपुरनवीनतमशिक्षा

₹5.75 करोड़ की लागत से टनकपुर में 66 बेड का महिला छात्रावास तैयार, तकनीकी शिक्षा ले रही छात्राओं को मिलेगी बड़ी सुविधा

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में क्षेत्र के ग्राम छीनीगोठ में स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में ₹5.75 करोड़ की लागत से 66 बेड वाले महिला छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। छात्रावास के तैयार होने से सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों से संस्थान में तकनीकी शिक्षा लेने पहुंचने वाली छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

प्रदेश सरकार की ओर से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया। छात्रावास के निर्माण से अब दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को आवास की समस्या के चलते होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। 66 बेड वाले इस महिला छात्रावास में छात्राओं को संस्थान परिसर के भीतर ही सुरक्षित और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों की छात्राओं को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने में सुविधा मिलेगी।

Ad Ad

छात्रावास सुविधा उपलब्ध होने से अभिभावकों की आवास एवं सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी कम होंगी। वहीं, तकनीकी संस्थान में छात्राओं के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित होने से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही छात्राओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। टनकपुर में महिला छात्रावास का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।