चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

लोहाघाट महाविद्यालय में एबीवीपी का परचम लहराया, एनएसयूआई का सूपड़ा हुआ साफ

ख़बर शेयर करें -

कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा 575 वोट से जीतीं, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने 534 मतों से दर्ज की जीत

लोहाघाट/चम्पावत। राजकीय लोहाघाट महाविद्यालय में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा रहा। मतदान के बाद हुई मतगणना में कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और संकाय प्रतिनिधि के पदों पर एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, कई पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।

Ad Ad

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी के दिशा-निर्देशन और चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। सुबह नौ बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 1:30 बजे तक चला। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा ने सुमन भट्ट को 575 मतों से हराया। स्नेहा को 721 और सुमन भट्ट को 146 मत मिले।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मुकेश कुमार ने शीतल विश्वकर्मा को 534 मतों के अंतर से पराजित किया। मुकेश कुमार को 699 और शीतल विश्वकर्मा को 165 मत प्राप्त हुए।

कला संकाय प्रतिनिधि पद पर आरती अधिकारी ने अभिषेक सिंह धोनी को 346 मतों से हराया। आरती को 547 और अभिषेक धोनी को 201 मत मिले। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर स्नेहा महरा ने गौरव पंत को 67 मतों से हराया। स्नेहा महरा को 91 और गौरव पंत को 24 मत मिले। चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी के अनुसार छात्रसंघ में अध्यक्ष हिमांशु कुमार, छात्रा उपाध्यक्ष आरती चौधरी, सचिव अमित ब्वेलकोटी, संयुक्त सचिव हिमांशी बोहरा, कोषाध्यक्ष स्नेहा, सांस्कृतिक सचिव निखिल राय, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मुकेश कुमार, कला संकाय प्रतिनिधि आरती अधिकारी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि स्नेहा महरा तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि शुभम जोशी निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा दीपक सिंह बोहरा, सीमा राय, यश करायत, अनुनीत ढेक, नुमान रजा और गौरव सुतेड़ी को मनोनीत सदस्य बनाया गया है। अध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के पद पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था।

एबीवीपी ने निकाला विजय जुलूस

परिणाम घोषित होने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नगर में विजय जुलूस निकाला। छात्र नेताओं ने जीत के लिए महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का आभार जताया तथा चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन, पुलिस और प्रशासन को धन्यवाद दिया। चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्राचार्य, महाविद्यालय स्टाफ, पुलिस और प्रशासन का आभार जताया। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। चुनाव प्रक्रिया में महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने सहयोग किया।