मां की हत्या का आरोपी 30 दिन बाद गिरफ्तार, ड्रोन से जंगल में चला सर्च ऑपरेशन
धारदार हथियार के साथ जंगलों में छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
नई टिहरी। टिहरी जिले के जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम कोटी खास के भटगांव में बीती 28 जुलाई को मां की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने करीब 30 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में ड्रोन कैमरे की मदद से जाखणीधार क्षेत्र के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान घेराबंदी कर आरोपी अजय सजवाण को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और आसपास के जंगलों में धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। आरोपी के जंगल में छिपे होने की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही थी।
दरअसल, कोटी खास के भटगांव में 52 वर्षीय डुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के बड़े पुत्र अजय सजवाण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था। बताया गया कि वह पहले भी कई-कई दिनों तक घर से गायब होकर जंगलों में भटकता रहा है। इसी वजह से पुलिस को उसके आसपास के जंगलों में छिपे होने की आशंका थी।
तलाश अभियान के दौरान आरोपी कई बार ग्रामीणों को जंगल में दिखाई भी दिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से गायब हो जाता था। इसके बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से जंगलों में निगरानी बढ़ाई और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आखिरकार आरोपी अजय सजवाण को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।
एसपी श्वेता चौबे ने बताया कि आरोपी को जाखणीधार क्षेत्र के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उससे पूछताछ कर हत्या के कारण, घटना में प्रयुक्त हथियार और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी।

