बनबसा में 4 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक, तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
जिलाधिकारी ने बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को सौंपे दायित्व; मौसम को देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम के निर्देश
बनबसा/चम्पावत। आगामी 4 अक्टूबर को एनएचपीसी सभागार, बनबसा में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनएचपीसी सभागार में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में 4 अक्टूबर को एनएचपीसी, बनबसा में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। बैठक को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्धारित समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं और प्रस्तावित व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण करने तथा जहां अतिरिक्त व्यवस्था या सुधार की जरूरत हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। साथ ही विभागीय स्तर पर तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

मौसम को देखते हुए तैयार रहेंगी वैकल्पिक व्यवस्थाएं
मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित मौसम परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी कार्यक्रम का संचालन प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कैबिनेट बैठक की तैयारियों की जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। आयोजन तक संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, एनएचपीसी के एचआर श्रीनिवासन, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विजय कुमार सकारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

