चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

4 किमी पैदल चलकर आपदा प्रभावित गांव पहुंचे एसडीएम, क्षतिग्रस्त भवनों का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दैवीय आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी चम्पावत विपिन चंद्र पंत ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

इसी क्रम में एसडीएम पंत करीब 4-5 किलोमीटर पैदल चलकर ग्राम पंचायत कोट अमोड़ी के तोक सैन्दर्क पहुंचे। यहां डिगरी देवी पत्नी स्व. चूड़ामड़ी तथा प्रकाश चंद्र पुत्र हरिदत्त के आवासीय भवनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर उन्होंने पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद प्रभावित आवासीय भवनों को हुए नुकसान का जायजा लेते हुए एसडीएम ने संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक को नियमानुसार अहेतुक मद एवं गृह अनुदान के तहत राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

Ad Ad

एसडीएम पंत ने बताया कि प्रभावित परिवारों को फिलहाल उनके अन्य परिजनों के आवास में ठहराया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा मानकों के अनुसार प्रभावितों को अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखें। किसी भी अप्रिय घटना या आपदा की स्थिति में तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद बल्लभ भट्ट, ग्राम प्रधान कोट अमोड़ी के प्रतिनिधि बालकृष्ण भट्ट, राजस्व निरीक्षक छत्र सिंह बोहरा, राजस्व उपनिरीक्षक हरीश गहतोड़ी, जीवन रिंगवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।