चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : 15 वर्षों में बचाई हजारों जिंदगियां, जल पुलिस के ‘पहलवान’ रविंद्र सिंह समेत टीम का हुआ सम्मान

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। शारदा नदी में अपनी जान जोखिम में डालकर वर्षों से लोगों की जान बचाने वाले जल पुलिस कर्मियों को रविवार को सम्मानित किया गया। शारदा घाट स्थित जल पुलिस चौकी में आयोजित समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल पुलिस के रविंद्र सिंह उर्फ ‘पहलवान’, राकेश गिरी और सूरज शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

समारोह में वक्ताओं ने जल पुलिस के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ये जवान हर मौसम में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। विशेष रूप से रविंद्र सिंह पिछले 15 वर्षों से शारदा नदी में लगातार सेवाएं दे रहे हैं और इस दौरान करीब एक हजार लोगों की जान बचा चुके हैं।

Ad Ad

पूर्णागिरि मेले में 150 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया

बताया गया कि इस वर्ष 109 दिनों तक चले मां पूर्णागिरि मेले के दौरान जल पुलिस टीम ने शारदा घाट पर डूबने की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। टीम के इस साहसिक कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी टीम की उपलब्धि

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि जल पुलिस की उत्कृष्ट सेवाओं की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाई जाएगी, ताकि पूरी टीम को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगामी मां पूर्णागिरि मेले से पहले जल पुलिस को मोटर बोट, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू रस्सियां और अन्य आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सम्मान से भावुक हुए रविंद्र सिंह उर्फ ‘पहलवान’ ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरी जल पुलिस टीम के समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ मानव सेवा के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, राकेश सिंह बोहरा, कोमल गिरी, अंकु सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।