हल्द्वानी: ड्राइंग का सामान लेने निकला प्रियांशु गौला नदी में कूदा, मिला शव
परिवार बोला- कोई तनाव नहीं था, फिर क्यों उठाया ऐसा कदम?
हल्द्वानी। 16 वर्षीय किशोर प्रियांशु बिष्ट की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। रविवार शाम गौला नदी में छलांग लगाने वाले किशोर का शव सोमवार सुबह लंबी तलाश के बाद एसडीआरएफ ने नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, हाथीखाल, मोतीनगर (बरेली रोड) निवासी प्रियांशु बिष्ट रविवार शाम करीब पांच बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह ड्राइंग का सामान खरीदने जा रहा है। परिजनों के मुताबिक घर में किसी तरह का विवाद, डांट-फटकार या मानसिक तनाव जैसी कोई बात सामने नहीं आई थी। इसलिए परिवार भी इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध है।

बताया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद प्रियांशु सीधे बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित गौला पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। इसी दौरान वह पुल की रेलिंग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लोगों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई उसे पकड़ पाता, उसने नदी में छलांग लगा दी।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का तेज बहाव और गहराई उनके प्रयासों पर भारी पड़ गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेज बहाव, बारिश और मटमैले पानी के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। अंधेरा होने पर तलाश अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

