मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में किया ‘ईट राइट स्कूल’ कार्यक्रम का शुभारंभ
सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की संस्कृति से बदलेंगे नौनिहाल
टनकपुर/चम्पावत। जनपद चम्पावत के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को टनकपुर बूम घाट पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। खाद्य संरक्षा एवं शिक्षा विभाग चम्पावत के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया गया यह कार्यक्रम भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘ईट राइट इंडिया’ की एक बेहद महत्वपूर्ण और अनूठी पहल है।
इस दूरदर्शी अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के भीतर खाद्य संरक्षा, मिलावटखोरी की रोकथाम, पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति गहरी जागरूकता पैदा करना है। सरकार का मानना है कि बच्चे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सबसे शक्तिशाली वाहक होते हैं, और उनके माध्यम से प्रसारित संदेश घरों और पूरे समाज के व्यावहारिक व्यवहार में बदलाव लाकर सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की संस्कृति को मजबूत करेंगे। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत चंपावत जनपद के सभी 645 राजकीय विद्यालयों को शामिल किया जा रहा है, जहाँ कक्षा 1 से लेकर 12 तक के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य के गुण सिखाए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले और मानकों को पूरा करने वाले स्कूलों का FSSAI के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें ‘ईट राइट स्कूल’ के रूप में ऑनलाइन प्रमाणित भी किया जाएगा। अभियान के दौरान ‘सही भोजन बेहतर जीवन’, ‘आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक’ के साथ-साथ सुरक्षित, स्वस्थ, टिकाऊ, क्षेत्रीय और मौसमी खान-पान की भावना को मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के मन-मस्तिष्क में उतारा जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत बच्चों को दैनिक दिनचर्या में स्वच्छता बनाए रखने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार की अहमियत समझने और भोजन में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फैट, विटामिन व मिनरल्स के महत्व से रूबरू कराया जाएगा।
इसके साथ ही बच्चों को स्थानीय मोटे अनाजों व सब्जियों को बढ़ावा देने, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने तथा बाजार से सामान खरीदते समय लेबल और एक्सपायरी डेट को अनिवार्य रूप से जांचने की व्यावहारिक शिक्षा दी जाएगी।
इस पूरी प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए FSSAI द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई येलो बुक, एक्टिविटी बुक, डार्ट बुक, पिंक बुक और मैजिक बॉक्स जैसे मैटीरियल और ज्ञानवर्धक वीडियो का सहारा लिया जाएगा। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में विशेष सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों जैसे स्कूल असेंबली, पोस्टर प्रतियोगिता, डिबेट, प्रभात फेरी और वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, बच्चों को उनके टिफिन और मिड-डे मील में फल, स्थानीय व मौसमी स्नैक्स जैसे मखाना, नट्स, मुरमुरा व मोटे अनाज शामिल करने और कोल्ड ड्रिंक्स के बजाय पानी, नारियल पानी, लस्सी व नींबू पानी जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्कूलों में पीने के साफ पानी, हाथ धोने की समुचित व्यवस्था, डस्टबिन और टॉयलेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार छात्रों को डीवॉर्मिंग टैबलेट लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत ने बताया कि आज माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान का विधिवत शुभारंभकिया है वहीं इस अभियान में सभी चिन्हित विद्यालयों की ट्रेनिंग 10 जुलाईको राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंपावत सभागार में आयोजित की जाएगी टनकपुर बूम घाट पर आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, कुमाऊं मंडल के उपायुक्त खाद्य संरक्षा आर.एस. कठायत, सहायक आयुक्त चम्पावत संजय कुमार सिंह और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी सहित शिक्षा और खाद्य संरक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

