चम्पावत को बड़ी सौगात: विकास भवन, सुखीढांग और रीठाखाल में खुलेंगी बैंक शाखाएं
आरबीआई ने दी मंजूरी, ‘जन-जन की सरकार’ में उठे प्रस्तावों पर हुआ त्वरित अमल; 31 मार्च 2027 तक शुरू करनी होंगी तीनों शाखाएं
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत पर्यवेक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जनपद चम्पावत में विकास की नई धारा निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में जनपदवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक ने पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की विकास भवन चम्पावत, सुखीढांग एवं रीठाखाल में नई शाखाएं खोलने की अनुमति प्रदान कर दी है। तीनों शाखाओं को निर्धारित शर्तों के तहत 31 मार्च 2027 तक संचालित किया जाना है।
इन बैंक शाखाओं के खुलने से लंबे समय से बैंकिंग सुविधा की जरूरत महसूस कर रहे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, पेंशनरों, युवाओं और स्थानीय कारोबारियों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
दरअसल, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दौरान इन क्षेत्रों में बैंक शाखाएं खोलने की मांग और प्रस्ताव सामने आए थे। इन प्रस्तावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए संबंधित स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसी का परिणाम है कि अब आरबीआई ने तीनों स्थानों पर शाखाएं खोलने की अनुमति प्रदान कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगा बैंकिंग नेटवर्क
विकास भवन चम्पावत, सुखीढांग और रीठाखाल में बैंक शाखाएं खुलने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी। स्थानीय लोगों को खाता संचालन, ऋण, जमा, पेंशन और अन्य बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य वित्तीय लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। स्वयं सहायता समूहों और छोटे कारोबारियों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है।
आरबीआई की ओर से 05 अक्टूबर 2026 को जारी अनुमति के अनुसार तीनों स्वीकृत शाखाओं को निर्धारित शर्तों के तहत 31 मार्च 2027 तक चालू करना अनिवार्य है। जिले में एक साथ तीन नई बैंक शाखाओं को मंजूरी मिलना ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन और बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे चम्पावत के दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

