क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1 करोड़ की 306 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल में सप्लाई की थी तैयारी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पुलिस ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 306 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹1 करोड़ आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी नेपाल सीमा क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई करने जा रहे थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” को सफल बनाने की दिशा में चम्पावत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर एसओजी और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 306 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम सैलानी गोठ स्थित काला झाला गौशाला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की प्लैटिना मोटरसाइकिल (UP 26 AY 5188) पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 306 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • गुरदीप सिंह (25 वर्ष) पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी बाजार घाट, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)
  • सुनील सिंह (22 वर्ष) पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी बाजार घाट, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अधिक मुनाफा कमाने के लालच में मनु सिंह निवासी बाजार घाट, पीलीभीत से स्मैक खरीदी थी। इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली व्यक्ति को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई को एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र सिंह डंगवाल, महेंद्र डंगवाल (सर्विलांस), कांस्टेबल ललित चौधरी, उमेश राज, सूरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रेखा भट्ट की टीम ने अंजाम दिया।