चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में प्रशासन का बड़ा एक्शन, डाक बंगला रोड और सिद्धेश्वर बारात घर के पास हटाया अतिक्रमण

ख़बर शेयर करें -

जेसीबी चलाकर सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्ग से हटाए गए पक्के व कच्चे निर्माण, दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अतिक्रमण मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत चम्पावत जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को लोहाघाट तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों और उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले डाक बंगला रोड पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया। इसके बाद सिद्धेश्वर बारात घर के नीचे सरकारी भूमि पर किए गए पक्के और कच्चे अतिक्रमण को जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान उन अवैध ढांचों को भी हटाया गया, जिनकी वजह से सड़कें और पैदल मार्ग संकरे हो रहे थे। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोबारा अतिक्रमण न करें। यदि भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

इस अभियान के दौरान तहसीलदार लोहाघाट मोइन मलिक, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, नगर पालिका तथा लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।