सूखीढांग के पास बाइक फिसली, 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, सिर में चोट लगने पर हायर सेंटर रेफर
चम्पावत/टनकपुर: टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूखीढांग के पास बुधवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को टनकपुर से करीब 24 किलोमीटर दूर सूखीढांग क्षेत्र में पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल अचानक रपट गई। हादसे में बाइक चला रहे लक्ष्मण सिंह (35) पुत्र बिशन सिंह घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह अपने रिश्तेदार सुंदर सिंह के घर खटीमा से पिथौरागढ़ जा रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने प्राथमिक उपचार के दौरान लक्ष्मण सिंह के सिर में गंभीर चोट होने की आशंका जताई और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

