चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, लोहाघाट और मानेश्वर की दुकानों पर औचक निरीक्षण
5 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे, FSSAI लाइसेंस और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश
चम्पावत। जनपद में आम लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने लोहाघाट मुख्य बाजार और मानेश्वर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं फास्ट फूड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव, परिसर की स्वच्छता, FSSAI लाइसेंस की वैधता तथा एक्सपायरी डेट वाले खाद्य उत्पादों की गहन जांच की। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस या पंजीकरण प्राप्त करें और उसे अपने प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।

5 संदिग्ध नमूने जांच के लिए भेजे
मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभाग ने सोया सॉस, मैकरोनी, मसाले, मिल्कमेड और रोस्टेड वर्मिसेली सहित कुल 5 संदिग्ध खाद्य नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में अनियमितता या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फास्ट फूड सेंटरों को दिए विशेष निर्देश
मानेश्वर स्थित फास्ट फूड सेंटरों के निरीक्षण के दौरान टीम ने संचालकों को उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने, बंद डस्टबिन का उपयोग करने, भोजन बनाते और परोसते समय हेड कैप पहनने तथा अच्छी गुणवत्ता के कच्चे माल का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ तरीके से तैयार एवं विक्रय करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के साथ सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे। विभाग ने कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

