लोहाघाट में भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और धारचूला विधायक का पुतला फूंका
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और धारचूला विधायक हरीश धामी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।

नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प सभा में कांग्रेस नेताओं ने विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर उनका अपमान किया। उनका कहना था कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश, विशेषकर सीमांत जनपद चम्पावत में हो रहे विकास कार्यों से कांग्रेस परेशान है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने चम्पावत को पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है तथा विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, योगेश मेहता, राजू गड़कोटी, कैलाश पांडेय, चंद्रशेखर बगौली, गौरव पांडेय, दीपक गोस्वामी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

