चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत जिला अस्पताल में 50 लाख की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू, सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिला चिकित्सालय चम्पावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। जिला चिकित्सालय परिसर में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि एवं दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनके परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर के बाद चम्पावत जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू हुई है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिट के संचालन से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। इसके अलावा डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।

एक यूनिट रक्त से कई मरीजों को लाभ

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे रक्त का वैज्ञानिक और जरूरत के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित होगा। एक यूनिट रक्त से अलग-अलग रक्त घटक तैयार होने के कारण कई जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।

दुर्घटना और प्रसव के मामलों में मिलेगी बड़ी राहत

दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त घटकों की समय पर उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से डॉक्टरों को ऐसे मामलों में उपचार के दौरान आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों से जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। आवश्यक रक्त घटक के लिए मरीजों को अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की जरूरत कम होगी, जिससे आपातकालीन उपचार में महत्वपूर्ण समय की बचत हो सकेगी।

चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ने चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, बेहतर पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि चम्पावत विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए एक आदर्श मॉडल बने।

स्वैच्छिक रक्तदान को मिलेगा बढ़ावा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जिले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा और मरीजों को उनकी चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि ‘रक्तदान-जीवनदान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त और रक्त घटकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करें। कैबिनेट मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुबोध उनियाल ने भी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत को चम्पावत के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए जिलेवासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरन देवी, महिला युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रकाश बिनबाल, मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पांडेय और दायित्वधारी सुभाष बगौली भी कार्यक्रम से जुड़े।