NH-707A पर बारिश का कहर, सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा; मसूरी-यमुना ब्रिज मार्ग बंद
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। देहरादून-त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाताघाट मार्ग पर डिमटा बैंड के पास देर रात पहाड़ी का एक हिस्सा खिसकने से सड़क का बड़ा भाग क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क टूटने के कारण कैम्पटी से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग दोनों तरफ से वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही रोक दी। कैम्पटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं ने वाहन चालकों और यात्रियों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज की ओर जाने से बचने की अपील की है। वहीं, यमुना घाटी की ओर से मसूरी आने वाले यात्रियों को भी इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।

सड़क के पास जाना भी जोखिम भरा
पुलिस के मुताबिक, जब तक प्रशासन की ओर से मार्ग की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना चाहिए। क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास जाना भी जोखिम भरा हो सकता है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से दोबारा मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है।
सड़क बहाल करने की कवायद शुरू
एनएच-707A के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी के अनुसार, डिमटा बैंड के पास सड़क का काफी हिस्सा पूरी तरह टूट गया है। विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण और नुकसान का आकलन करेगी। इसके बाद पहाड़ की ओर से कटिंग कर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने की संभावना पर काम किया जाएगा।
विभाग का प्रयास है कि मौसम और परिस्थितियां अनुकूल रहने पर जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए तैयार किया जा सके। हालांकि, सड़क कब तक सामान्य होगी, यह मौके के निरीक्षण और मौसम की स्थिति के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों की बढ़ी परेशानी
मार्ग बंद होने से मसूरी, कैम्पटी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
फिलहाल यात्रियों से अपील है कि बंद पड़े NH-707A पर स्थिति की पुष्टि किए बिना सफर न करें और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

