क्राइमनवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी : SOG बनकर कमर्शियल ऑफिस में घुसे बदमाश, 8 लाख नकदी और मोबाइल लूटे

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस की SOG टीम बनकर एक कमर्शियल ऑफिस में धावा बोल दिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर ऑफिस में मौजूद लोगों को बंधक बनाया और करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की दो चेन, अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

SOG टीम बताकर ऑफिस में घुसे बदमाश

जानकारी के मुताबिक, बरेली रोड स्थित एक ऑफिस में बुधवार रात कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान कार से करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने खुद को SOG टीम का सदस्य बताते हुए ऑफिस में प्रवेश किया। अंदर घुसते ही बदमाशों ने लोगों पर तमंचे तान दिए और उन्हें धमकाकर बंधक बना लिया। इसके बाद ऑफिस में रखी करीब 8 लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली।

Ad Ad

सोने की चेन-अंगूठियां भी उतरवाईं

बदमाशों ने ऑफिस में मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो चेन भी उतरवा लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को तत्काल सूचना न मिल सके, इसके लिए आरोपी वहां मौजूद लोगों के करीब 12 मोबाइल फोन भी लूट ले गए। लूटपाट के बाद सभी बदमाश कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए।

चार पुलिस टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं। सर्विलांस टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बदमाशों के भागने के रास्तों और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। SOG की वर्दी और पहचान का इस्तेमाल कर की गई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में भी लगातार दबिश और जांच की जा रही है।