चंपावतटनकपुरनवीनतम

बनबसा में कैबिनेट बैठक से टनकपुर में विकास की उम्मीदों को मिली नई रफ्तार, पट्टों के नवीनीकरण और पीएम आवास पर पहल

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक के बाद नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में निकाला गया आभार जुलूस, वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की उम्मीद

टनकपुर/चम्पावत। बनबसा में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Ad Ad

नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा ने कहा कि सीमांत जनपद चम्पावत के टनकपुर क्षेत्र में कैबिनेट बैठक का आयोजन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान टनकपुर-बनबसा क्षेत्र से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों पर हुई पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है।

नगर की प्रमुख समस्याओं में तराई-भाबर गवर्नमेंट स्टेट के पट्टों की लीज के नवीनीकरण का मुद्दा लंबे समय से शामिल रहा है। इसके अलावा नगरीय क्षेत्र में पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग भी लगातार उठती रही है। इन दोनों मुद्दों पर सरकार की ओर से हुई पहल को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत टनकपुर नगर के विभिन्न वार्डों में निवासरत पात्र लोगों को लाभ दिलाने की दिशा में कदम उठने से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं पट्टों के नवीनीकरण का मामला क्षेत्र के बड़ी संख्या में परिवारों से जुड़ा हुआ है।

कैबिनेट बैठक के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों का स्थानीय लोगों ने स्वागत और अभिनंदन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टनकपुर में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होने से क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास और जनसमस्याओं के मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखने का अवसर मिला है।

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं स्थानीय लोगों ने पट्टों के नवीनीकरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित पहल के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इन मामलों में आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और पात्र लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष निगम गुप्ता, हरीश भट्ट, वैभव अग्रवाल, गिरीश वर्मा, अंकित अग्रवाल, संजय गर्ग, शशांक गोयल, धर्मपाल आर्य, भगवत शरण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।