तेज रफ्तार कार ने दो मासूम चचेरे भाइयों को कुचला, एक की मौत; दूसरा गंभीर
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे दोनों बच्चे, टक्कर के बाद कार बारातघर की दीवार तोड़कर अंदर घुसी
कोटद्वार। दुगड्डा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले दो मासूम चचेरे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में 10 वर्षीय वंश की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय चचेरा भाई लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसा रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे घमंडपुर के पास जिगर गार्डन वेडिंग प्वाइंट के समीप हुआ। दुगड्डा निवासी लक्ष्य और उसका चचेरा भाई वंश सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान निंबूचौड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बारातघर की दीवार तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा घुसी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल बच्चों को बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वंश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्य को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि मृतक वंश के पिता संदीप कुमार व्यापारी हैं। वंश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और कक्षा तीन में पढ़ता था। वहीं लक्ष्य कक्षा पांच का छात्र है। बच्चों के दादा मनोहर चौहान की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक बेलाडाट (पदमपुर) निवासी अभिषेक रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी सीज कर दिया है।

