कार 30 मीटर गहरी खाई में गिरी, चालक की मौत हुई, दो गंभीर रूप से घायल
पिथौरागढ़। बुधवार दोपहर को धारचूला तहसील क्षेत्र में एक कार के अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार एक कार यूके05/ 9992, धारचूला से सिनियाखोला की ओर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सहम उठे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में चालक कमल राम पुत्र हरी राम निवासी नौगांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार नर सिंह और विजेंद्र थापा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। कठिन परिस्थितियों के बीच चलाए गए रेस्क्यू अभियान में घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल धारचूला में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक चालक के घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

