गहरी खाई में गिरी कार, 24 वर्षीय युवक की मौत; पत्नी और दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
देहरादून। चकराता क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जगमोहन बुधवार सुबह करीब सात बजे अपनी कार (UK11A6727) से घर से सहिया की ओर जा रहे थे। दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर गांव से कुछ ही दूरी पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा और नीचे स्थित दूसरी सड़क पर पलट गया। हादसे के समय कार में जगमोहन अकेले सवार थे। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश समेत कई लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच गंभीर रूप से घायल जगमोहन को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया।

सीएचसी सहिया में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सरिता धारिया ने प्राथमिक जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम के साथ अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन का अगला हिस्सा माचिस की डिब्बी की तरह पिचक गया, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय जगमोहन अपने परिवार के इकलौते सहारे थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

