नवीनतमबागेश्वरहादसा

दर्दनाक हादसा : पैराफिट से टकराई तेज रफ्तार बाइक, CSC संचालक की मौत, साथी गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए

बागेश्वर। बैजनाथ-बागेश्वर मोटरमार्ग पर गागरीगोल के पास मंगलवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से टकराने के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Ad Ad

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चनौली निवासी कमलेश (35) पुत्र गोविंद राम अपने साथी नरेंद्र (30) के साथ बाइक संख्या UK 04 AQ 0349 से बैजनाथ से अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक गागरीगोल स्थित फायर स्टेशन के समीप पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को 112 सेवा के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद कमलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नरेंद्र का उपचार जारी है।

बैजनाथ कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया है कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले कमलेश चनौली (गागरीगोल) क्षेत्र के निवासी थे और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का संचालन करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मिलनसार, सरल स्वभाव और हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहने वाले व्यक्ति थे। उनके असमय निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग कमलेश को एक जिम्मेदार तथा समाजसेवी युवा के रूप में याद कर रहे हैं।