रात में पिता का मनाया जन्मदिन सुबह मृत मिला पर्यावरण मित्र, परिजनों में कोहराम
पिथौरागढ़। पिता का जन्मदिन मनाने के बाद बेटे की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित गांव रई निवासी विशाल कुमार बीडी पांडे जिला अस्पताल में पर्यावरण मित्र के रूप में तैनात था। बीते मंगलवार को विशाल कुमार के पिता महेश कुमार का जन्मदिन था। विशाल ने अपने पिता का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाते हुए उनकी लंबी उम्र की दुआ मांगते हुए केक काटा था।
जन्मदिन के बाद अगली सुबह विशाल का शरीर बेजान पड़ा मिला। जिसे देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। विशाल कुमार को बेसुध अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विशाल की मौत के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं पीएमएस डॉक्टर डीपी सिंह के निर्देश पर कर्मचारियों ने 2 मिनट का मौन रखकर विशाल को श्रद्धांजलि दी।

