खेलचंपावतनवीनतम

चम्पावत में उदीयमान खिलाड़ियों के ट्रायल की तैयारियां तेज, 300 खिलाड़ियों का होगा चयन; छात्रवृत्ति और खेल किट का मिलेगा लाभ

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत चम्पावत जनपद में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ट्रायल को सफल, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ियों को प्रति माह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जबकि 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति के साथ 10 हजार रुपये की एकमुश्त खेल किट सहायता प्रदान की जाएगी।

Ad Ad

मैरिट के आधार पर होगा चयन

उदीयमान उन्नयन योजना के तहत जनपद से 150 बालक और 150 बालिकाओं तथा प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया न्याय पंचायत, नगर पंचायत, विकासखंड, नगरपालिका और जिला स्तर पर आयोजित बैट्री टेस्ट एवं खेल कौशल परीक्षण के आधार पर पूरी तरह मेरिट से होगी।

विद्यालय स्तर से चयनित खिलाड़ी न्याय पंचायत स्तर पर ट्रायल देंगे। इसके बाद विकासखंड और नगरपालिका स्तर से चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। जिला स्तर पर कुल 660 प्रतिभागियों में से अंतिम रूप से 300 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा।

ट्रायल में ये दस्तावेज होंगे अनिवार्य

योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना आवश्यक है। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को मूल रूप में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र अथवा हाईस्कूल की मार्कशीट तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।

सरकारी खेल छात्रावास, स्पोर्ट्स कॉलेज अथवा अन्य सरकारी खेल छात्रवृत्ति का लाभ ले रहे खिलाड़ी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

इन खेलों के लिए होंगे ट्रायल

चयन प्रक्रिया एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित कुल 12 खेलों के लिए आयोजित की जाएगी।

खिलाड़ियों का मूल्यांकन 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन, 800 मीटर दौड़ और खेल-विशिष्ट कौशल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। कुल 30 अंकों के परीक्षण में सफल होने के लिए न्यूनतम 10 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

एडीएम ने दिए जरूरी निर्देश…

अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने ट्रायल स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाएं, पुलिस बल, स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्त कीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जल संस्थान के एसडीओ पवन बिष्ट, पुलिस विभाग, पूर्ति विभाग तथा विभिन्न खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।