रेड अलर्ट पर चम्पावत प्रशासन अलर्ट, बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी
जिलाधिकारी मनीष कुमार के सख्त निर्देश, क्षेत्रीय कार्मिक अपने कार्यक्षेत्र में रहकर हालात पर रखेंगे नजर
चम्पावत। मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के सख्त निर्देश दिए हैं। अपरिहार्य स्थिति में मुख्यालय छोड़ने से पहले जिलाधिकारी से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सभी विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया है। आदेश के तहत क्षेत्रीय कार्मिक अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे और मौसम एवं संभावित आपदा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के साथ आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के दौरान किसी भी संभावित आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-230819, 05965-230703 (1077) तथा मोबाइल नंबर 7579060090 और 7895318895 पर दी जा सकती है।

