छात्रसंघ चुनाव: चम्पावत कैंपस में 11, टनकपुर में 16 नामांकन, बनबसा में सभी पदों पर निर्विरोध की स्थिति
चम्पावत। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। चम्पावत, टनकपुर, बनबसा और लोहाघाट महाविद्यालयों में शुक्रवार को नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। बनबसा में सभी प्रमुख पदों पर एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध चुनाव की स्थिति बन गई है, जबकि लोहाघाट में भी आठ प्रमुख पदों पर एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया है।
एसएसजे कैंपस चम्पावत में 11 नामांकन पत्र बिके
एसएसजे कैंपस चम्पावत में 25 सितंबर को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दो-दो नामांकन पत्र बिके। सचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव तथा वाणिज्य और कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक-एक नामांकन पत्र की बिक्री हुई। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए किसी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा।
कैंपस निदेशक डॉ. सुभाष चंद्रा ने बताया कि 26 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन होंगे। इसी दिन दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच कर वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 29 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम के बाद विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।
टनकपुर में आठ पदों के लिए 16 नामांकन
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए विभिन्न पदों पर 16 नामांकन हुए। अध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो-दो, उपाध्यक्ष पद पर तीन तथा सांस्कृतिक सचिव पद पर एक प्रत्याशी ने नामांकन किया। चुनाव अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
टनकपुर में इन्होंने किया नामांकन
- अध्यक्ष: ध्यान सिंह, सुमित नायक
- उपाध्यक्ष: रोहन गड़कोटी, साहिल महर, संदीप सिंह
- छात्रा उपाध्यक्ष: कंगना गुप्ता, रितिका
- सचिव: सुशील जोशी, वंश शर्मा
- संयुक्त सचिव: रिया आर्या, लक्षिता जोशी
- कोषाध्यक्ष: नीतू बिष्ट, मुस्कान
- सांस्कृतिक सचिव: आशीष कुमार आर्या
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: बबीता, निर्मला महराना
बनबसा में सभी पदों पर एक-एक नामांकन, निर्विरोध चुनाव की स्थिति
राजकीय महाविद्यालय बनबसा में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश सिंह के दिशा-निर्देशन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कमलेश शक्टा की देखरेख में प्रक्रिया संपन्न हुई। सभी पांच प्रमुख पदों पर एक-एक नामांकन होने से फिलहाल निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। हालांकि अंतिम स्थिति नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगी।
बनबसा में इन्होंने किया नामांकन
- अध्यक्ष: अनुष्का
- छात्रा उपाध्यक्ष: खुशी वर्मा
- सचिव: मिली सागर
- कोषाध्यक्ष: प्रतिभा दत्त
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: रितेश बहादुर थापा
चुनाव अधिकारी डॉ. शक्टा ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची नियमानुसार जारी की जाएगी। इस दौरान चुनाव समिति के सदस्य डॉ. सुशीला आर्या, हेम कुमार गहतोड़ी और त्रिलोक चंद कांडपाल मौजूद रहे।
लोहाघाट में आठ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की राह
स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. नवल किशोर लोहनी के निर्देशन में संपन्न हुई। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एक-एक नामांकन हुआ है। सांस्कृतिक सचिव पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया है, जबकि विभिन्न संकाय प्रतिनिधि पदों पर भी एक से अधिक नामांकन हुए हैं।
लोहाघाट में इन्होंने किया नामांकन
- अध्यक्ष: हिमांशु कुमार
- उपाध्यक्ष: राजेंद्र सिंह भैंसोड़ा
- छात्रा उपाध्यक्ष: आरती चौधरी
- सचिव: अमित चिल्कोटी
- संयुक्त सचिव: हिमांशी बोहरा
- कोषाध्यक्ष: सुमन भट्ट
- सांस्कृतिक सचिव: स्नेहा, निखिल राय
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: मुकेश कुमार
- कला संकाय प्रतिनिधि: शीतल विश्वकर्मा, आरती अधिकारी, अभिषेक सिंह धौनी
- विज्ञान संकाय प्रतिनिधि: स्नेहा मेहरा, गौरव पंत
- वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि: शुभम जोशी
प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी सहित सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. दीपक खाती, डॉ. रुचिर जोशी, डॉ. ममता बिष्ट, डॉ. बीआर लोहिया, डॉ. दिनेश राम, रमेश जोशी और अतुल अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग किया।

