उत्तराखण्डचंपावतनवीनतमराजनीति

चम्पावत : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनावों में जीत के लिए अभी से जुट जाने का किया आह्वान

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/लोहाघाट। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नगर निकाय चुनावों को लेकर चम्पावत जिले के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। इस दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। सोमवार को चम्पावत जिले के दौरे में उन्होंने कहा कि प्रत्याशी के चयन से पूर्व सर्वे कराया जाएगा। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवार का नाम तय किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल मेहरा की अध्यक्षता व नगर अध्यक्ष सुनील पुनेठा की मौजदूगी में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनावों की पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया। बताया कि हर वार्ड में एक संयोजक व सह संयोजक की तैनाती किए जाने के साथ ही वार्ड प्रभारी भी बनाया जाएगा। निकाय चुनाव की दृष्टि से पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जो बाद में हर निकायों में कार्यकर्ताओं से प्रत्याशी के सम्बंध में मंत्रणा करेंगे।
बैठक में वरिष्ठ नेता एडवोकेट शंकर पांडेय, सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह फर्त्याल, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, सूरज प्रहरी, विकास साह, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी, रविंद्र तड़ागी, प्रकाश पांडेय, शंकर खाती, नंदन तड़ागी, सनी वर्मा, प्रकाश नाथ, मणिप्रभा तिवारी, मोहित पाठक सचिन जोशी, सतीश जोशी, गोविंद लाल वर्मा, दीपक ओली, राजू गड़कोटी, रेणु गड़कोटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं लोहाघाट में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चन्द्र पांडे के आवास पर पत्रकार वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि आज लोग अपने राजनीतिक ताने-बाने को छोड़कर जननायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए जा रहे नए भारत के निर्माण के साक्षी बनना चाहते हैं। यही वजह है कि आज लोग भाजपा के बैनर तले अपनी शक्ति, सामर्थ्य व कार्य क्षमता को प्रदर्शित करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के लिए जो लगातार कार्य किए जा रहे हैं, उससे देश के करोड़ों गरीब लोगों की दुआएं उनके साथ जुड़कर उनमें राष्ट्र के पुनर्निर्माण की शक्ति व सामर्थ्य पैदा कर रहे हैं। भट्ट ने कहा कि उनका कुमाऊँ मंडल का ताजा दौरा आगामी निकाय चुनाव में भाजपा के लिए योग्य व समर्पित लोगों का चयन कर वार्ड मेंबर से लेकर चेयरमैन की कुर्सी में भाजपा का परचम लहराना है। भाजपा कमल चुनाव चिन्ह के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी। हालांकि राज्य चुनाव आयोग द्वारा शीघ्र ही आरक्षण की स्थिति स्पष्ट की जानी है। लेकिन पार्टी संगठन ने अपनी मजबूत तैयारी पहले ही की हुई है। निकाय चुनाव में पार्टी प्रधानमंत्री जी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के आधार पर प्रत्याशियों का चयन करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट का लोहाघाट पहुंचने पर सतीश चंद्र पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महरा, मंडल अध्यक्ष सचिन जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता दीपक ओली एवं मणिप्रभा तिवारी ने पारंपरिक रूप से स्वागत किया।