चम्पावत : सावन उत्सव में उमड़ी मातृशक्ति, लोक-संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
चम्पावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को जीजीआईसी सभागार, चम्पावत में ‘सावन उत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सावन की उमंग, उत्तराखंड की लोक-संस्कृति और महिला शक्ति के उत्साह से सजे इस कार्यक्रम में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता पुष्कर धामी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की माता श्रीमती बिशना देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित नृत्य प्रस्तुति रही। विद्यालय की छात्राओं और चम्पावत डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने हिमाचली नृत्य, नंदा-सुनंदा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं 60 से 65 वर्ष आयु की 13 वरिष्ठ महिलाओं के समूह ने नशा मुक्ति अभियान पर विशेष प्रस्तुति देकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।


झोड़ा-चांचरी और सातूं-आंठू ने बांधा समां
उत्सव में उत्तराखंड की पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी प्रमुखता दी गई। सातूं-आंठू (गौरा-महेश) और झोड़ा-चांचरी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। महिलाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए ‘सुपर ईजा डांस’, ‘मिसेज सावन क्वीन-2026’ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
‘मिसेज सावन क्वीन-2026’ में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा ‘सावन सरप्राइज अवॉर्ड्स’ के तहत सबसे लंबी प्रतिभागी, सबसे दूर से पहुंची प्रतिभागी, सबसे सुंदर मुस्कान और आकर्षक पारंपरिक परिधान जैसी श्रेणियों में भी विशेष पुरस्कार दिए गए। विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।


पहाड़ी उत्पादों और ऐपण कला के लगे स्टॉल
स्थानीय हुनर और महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्सव में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनमें मेहंदी, पारंपरिक ऐपण कला, लोहे के बर्तन, जूट के बैग सहित विभिन्न पहाड़ी उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। श्रीमती गीता धामी ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं से उनके उत्पादों और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। लाइव मेहंदी स्टॉल, सावन उत्सव सेल्फी प्वाइंट और झूला स्टॉल पर भी महिलाओं एवं बालिकाओं की भीड़ रही।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत रोपा रुद्राक्ष का पौधा
गीता धामी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं और इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की उपस्थिति ने उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को जीवंत कर दिया है। ‘सुपर ईजा डांस’, ‘मिसेज सावन क्वीन’ और ‘झोड़ा-चांचरी’ जैसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने ‘माता भूमिः पुत्रोहं पृथिव्याः’ के भाव के साथ फाउंडेशन की ओर से प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान चलाए जाने की बात कही। उन्होंने महिलाओं से उपहार में मिले पौधों का बच्चे की तरह पालन-पोषण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है, क्योंकि सशक्त महिला ही सशक्त समाज की आधारशिला है।
15 महिलाओं को मिला ‘नंदा शिखर सम्मान’
कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 महिलाओं को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इनमें स्वयं सहायता समूह से राधा राणा, गीता देवी, आरती देवी और मालती देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी, रजनी देवी, उमा त्रिपाठी और मीना पांडे, आशा कार्यकर्ता नीलू महर, दीपा बोहरा, कमला पंगरिया, गीता जोशी और नीरू देवी तथा शिक्षिका बीना तोमर और कमला नाथ गोस्वामी शामिल रहीं। सभी को गीता धामी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती धामी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन के अंत में सेवा संकल्प फाउंडेशन ने अतिथियों, कलाकारों, प्रतिभागियों और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपा जोशी, शंकर पांडेय, जिला महामंत्री मुकेश कलकुड़िया, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, ब्लॉक मिशन मैनेजर आशा सामंत सहित विभिन्न विभागों की महिला अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्कूली छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।

