चम्पावत : निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी, 27 मई से नामांकन और 9 जून को होगा मतदान
चम्पावत। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा जनपद के नगरीय निकायों में अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के निर्वाचन हेतु विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद नरेन्द्रनगर (जनपद टिहरी गढ़वाल), नगर पंचायत गदपुरी (जनपद ऊधमसिंहनगर) तथा नगर पंचायत पाटी (जनपद चम्पावत) में चुनाव प्रक्रिया भारत के संविधान एवं उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 25 मई 2026 को जारी कर दी गई है। इसके उपरांत 26 मई को जिला स्तर पर आरक्षण सहित निर्वाचन संबंधी समस्त विवरण प्रकाशित किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 27 मई एवं 29 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जांच 30 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी। वहीं, प्रत्याशी 31 मई 2026 को अपराह्न 03:00 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 01 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मतदान 09 जून 2026 को प्रातः 08:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपन्न कराया जाएगा, जबकि मतगणना 11 जून 2026 को प्रातः 08:00 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमों के अधीन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

