हल्द्वानी: खनन परिवहन में वसूली कर रहा कांस्टेबल 45 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
हल्द्वानी। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। नैनीताल जनपद के बेतालघाट थाने में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को खनन सामग्री के परिवहन में अड़ंगा न लगाने के एवज में 45,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस की इस औचक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल-फ्री नंबर 1064 पर पुलिसकर्मी के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (RBM – रेत, बजरी, बोल्डर) निकालने का काम करता है। इस सामग्री को वाहनों के माध्यम से स्थानीय स्टोन क्रशरों तक भेजा जाता है। आरोप है कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह इस परिवहन कार्य में अनावश्यक रूप से गाड़ियों को रोककर रुकावट पैदा कर रहा था। काम सुचारू रूप से चलने देने के बदले वह वाहनों का चालान करने और उन्हें सीज करने का डर दिखा रहा था। इस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता से 45,000 रुपये की घूस मांगी थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने फौरन एक ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के मुताबिक, जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को तयशुदा 45 हजार रुपये की रिश्वत थमाई, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारीविजिलेंस के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 1064 पर इसकी सूचना दें।

