भारी बारिश को लेकर चम्पावत जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की सतर्क रहने की अपील
नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों से दूर रहें, आपात स्थिति में हेल्पलाइन पर करें संपर्क
चम्पावत। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान लोग पहाड़ी मार्गों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर अनावश्यक आवाजाही न करें। नदी, नालों, गाड़-गधेरों और घाटों के किनारे जाने से बचें तथा बच्चों को भी ऐसे संवेदनशील स्थानों से दूर रखें।
शारदा नदी समेत अन्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी तटों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
तेज बहाव और मलबे वाले रास्तों से न गुजरें
जिलाधिकारी ने बारिश के दौरान आकाशीय बिजली, पेड़ गिरने और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से उचित दूरी बनाए रखने को कहा है। वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज बहाव वाले नालों, जलभराव वाले स्थानों और मलबे से बाधित मार्गों से गुजरने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
अफवाहों से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपदा से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों और SDRF को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचना दे सकते हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चम्पावत:
📞 05965-230819
📞 05965-230703
व्हाट्सऐप/मोबाइल:
📱 7895318895
📱 7579060090
📱 9528135726
टोल फ्री:
📞 1077
ई-मेल:
📧 deoccpt@gmail.com
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा बारिश के दौरान स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

