देहरादूननवीनतम

मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

ख़बर शेयर करें -

हृदयाघात से हुआ था आकस्मिक निधन, करीब तीन दशक तक पुलिस विभाग में दी सेवाएं

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा के आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

Ad Ad

मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा का 26 अगस्त 2026 को हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। 27 अगस्त को उनके पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन देहरादून लाया गया, जहां पुलिस विभाग की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।

इस दौरान एसएसपी देहरादून समेत पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सेवाकाल के योगदान को याद किया।

एसएसपी देहरादून ने बालम सिंह राणा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

1997 में आरक्षी के पद से शुरू किया था सफर

बालम सिंह राणा मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के रहने वाले थे और वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। पुलिस विभाग में उनकी पहचान शांत, विनम्र और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में थी।

उन्होंने वर्ष 1997 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में सेवा शुरू की। अपनी जिम्मेदारियों के प्रति निरंतर समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के चलते वर्ष 2022 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2024 से वह जनपद देहरादून में तैनात थे।

करीब तीन दशक के सेवाकाल में बालम सिंह राणा ने अपने व्यवहार, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से विभाग में अलग पहचान बनाई। उनके आकस्मिक निधन से उत्तराखंड पुलिस ने अपने एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ साथी को खो दिया है।